नोएडा के सेक्टर 91 में स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय गणित मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम *जिलाधिकारी श्रीमती मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ.शिवाकांत द्विवेदी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्री राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक श्रीमती अर्चना शिरोमणि के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।*
विद्यालय की ओर से इस कार्यक्रम की समन्वयक *श्रीमती कविता सक्सेना* ने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी में नोएडा के चार विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि *अंतर्राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी, पूर्व भारतीय जूडो टीम के कोच श्री रविंद्र दहिया, एवं विशिष्ट अतिथि में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जूडो एवं एथलीट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री मनीष मान* सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए गणितीय मॉडलों का अवलोकन किया।
निर्णायक समिति में जी. एन.आई.ओ.टी के प्रोफेसर डॉ.अरुण कुमार सिंह एवं श्रीमती वंदना कौशिक, गणित शिक्षिका सम्मिलित थे।
विद्यार्थियों ने गणित की विभिन्न अवधारणाओं पर आधारित आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए, जिनके माध्यम से दैनिक जीवन में गणित के व्यावहारिक उपयोग को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस दौरान “गणित क्यों आवश्यक है” विषय पर विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया गया, जिससे उनमें तार्किक सोच और गणित के प्रति रुचि और अधिक विकसित हुई।
कार्यक्रम के अंत में परिणाम घोषित किए गए। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस प्रदर्शनी में *मंथन स्कूल की छात्रा दिव्या सिंह द्वारा बनाए गए मॉडल मैथ क्वेस्ट को प्रथम स्थान* प्राप्त हुआ।
*द्वितीय स्थान पर पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र अर्णव गुप्ता* का मॉडल रहा जिसमें गणित के इतिहास को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया था।
*तीसरा स्थान जे.पी. स्कूल के छात्र विशाल सिंह* के मॉडल ने हासिल किया। छात्र का मॉडल कोणों के प्रकार एवं समानांतर रेखाओं के त्रिभुज पर आधारित था।
*डायमंड पब्लिक स्कूल के दो छात्रों हिमांशु और आदित्य को सांत्वना पुरस्कार* से नावज़ा गया।
यह कार्यक्रम *श्री रमेश कुमार, वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज (WASME), श्रीमती मनीषा श्रीवास्तव, ए.आर.पी, शिक्षा विभाग* की उपस्थिति से सुशोभित हुआ।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की तथा गणित के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नवाचार, विश्लेषण क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं।
विद्यालय के *प्रधानाचार्य डॉ. नीरज टंडन* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की तथा ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस कार्यक्रम के *सफल संचालन में शिक्षिका श्रीमती नीलम रानी, श्रीमती सोनी सिंह, श्रीमती ऋचा, श्रीमती शकीला* की मुख्य रूप से अत्यंत सक्रिय भूमिका रही।
