Home भारतीय रेल Indian Railways News:- जहानाबाद-गया समेत कई स्टेशनों का GM डिम्पी गर्ग ने...

Indian Railways News:- जहानाबाद-गया समेत कई स्टेशनों का GM डिम्पी गर्ग ने किया निरीक्षण, पुनर्विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

0
जहानाबाद-गया समेत कई स्टेशनों का GM डिम्पी गर्ग ने किया निरीक्षण, पुनर्विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान, महाप्रबंधक ने दिए निर्देश

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने शुक्रवार को दानापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और धनबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, रेल संरक्षा, परिचालन व्यवस्था और स्टेशन पुनर्विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों को स्टेशन पुनर्विकास से जुड़े कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

जहानाबाद स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

महाप्रबंधक ने निरीक्षण की शुरुआत जहानाबाद स्टेशन से की। यहां उन्होंने यात्री सुविधाओं, संरक्षा और स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।

गर्ग ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना से जुड़े कार्यों को तय मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

गया जंक्शन पर विकास कार्यों का लिया जायजा

इसके बाद महाप्रबंधक गया स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, नवनिर्मित भवन और यात्रियों से जुड़ी अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।

गया स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए महाप्रबंधक ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने जंक्शन से सोन नगर स्टेशन होते हुए गढ़वा रोड तक विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से रेलखंड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पटरियों की संरक्षा, अनुरक्षण व्यवस्था और रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

 

Indian Railways News: GM Dimpy Garg inspected several stations, including Jahanabad and Gaya, and issued instructions to accelerate redevelopment work.
Indian Railways News: GM Dimpy Garg inspected several stations, including Jahanabad and Gaya, and issued instructions to accelerate redevelopment work.

सांसदों से रेल सुविधाओं को लेकर हुई चर्चा

निरीक्षण के क्रम में अंकोरहा स्टेशन पर काराकाट के सांसद राजा राम सिंह से महाप्रबंधक की मुलाकात हुई। दोनों के बीच संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने सांसद से सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

इसी क्रम में डाल्टनगंज स्टेशन पर पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम से भी रेल सुविधाओं और क्षेत्र से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई।

अंकोरहा स्टेशन पर महाप्रबंधक ने एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय विद्युत संयंत्र से संबंधित रेल संपर्क और कोयला आपूर्ति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

बरवाडीह स्टेशन पर परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने धनबाद मंडल के बरवाडीह स्टेशन का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने रेल परिचालन व्यवस्था, सुरक्षा और संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आधुनिक सुविधाओं से विकसित किए जा रहे रेलवे स्टेशन

स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक रूप दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत यात्री सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्लेटफॉर्म सुविधाएं, सुगम आवागमन, स्वच्छता और आधारभूत संरचना को मजबूत करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

इन परियोजनाओं का उद्देश्य यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर बेहतर, सुविधाजनक और आधुनिक अनुभव उपलब्ध कराना है।

तीनों मंडलों के रेल अधिकारी रहे मौजूद

महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना तथा धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र अपने-अपने क्षेत्राधिकार में उपस्थित रहे।

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक का विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण आगे भी जारी है। इस दौरान स्टेशन विकास, यात्री सुविधा, रेल संरक्षा और परिचालन व्यवस्था से जुड़े कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

यह भी खबर पढ़े :-समस्तीपुर मंडल के 21 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version