29 जून से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठानों के बीच 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथ यात्रा, 24 जुलाई को बहुड़ा यात्रा और 27 जुलाई को होगा नीलाद्रि बीजे महोत्सव।
नोएडा। राजधानी दिल्ली-एनसीआर के नोएडा स्थित श्री स्वर्ण क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर (सेक्टर-61) में आयोजित होने वाले वार्षिक श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। इस वर्ष रथ यात्रा को सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति का दावा है कि इस बार करीब दो हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति के अनुसार रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक और आधुनिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मुख्य बिंदु :-
- नोएडा सेक्टर-61 स्थित श्री स्वर्ण क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में होगा भव्य रथ यात्रा महोत्सव।
- करीब एक लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना।
- 16 जुलाई 2026 को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा।
- 24 जुलाई को बहुड़ा यात्रा और 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे महोत्सव।
- लगभग 200 स्वयंसेवक व्यवस्था संभालेंगे।
- आरएस टीवी द्वारा कार्यक्रमों का होगा सीधा प्रसारण।
- 16 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- सेक्टर-61, 52, 53, 33 सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील।
समिति अध्यक्ष ने क्या कहा?
समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन महापात्र ने बताया कि रथ यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा के साथ हो चुकी है। इसके बाद क्रमशः विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रथ यात्रा का कार्यक्रम
- 29 जून – देव स्नान पूर्णिमा
- 14 जुलाई – नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन
- 16 जुलाई 2026 – भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा
- 24 जुलाई – बहुड़ा यात्रा
- 25 जुलाई – सुना वेश
- 27 जुलाई – नीलाद्रि बीजे महोत्सव
समिति के सचिव सुभाष नीलमाधव स्वामी और सहायक सचिव आहे नमिता गौतम ने बताया कि भगवान के रथ को इस वर्ष हाइड्रा मशीन की सहायता से खींचा जाएगा। रथ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए लगभग 200 स्वयंसेवकों की तैनाती की जा रही है। वहीं आरएस टीवी द्वारा कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
इस वर्ष रथ यात्रा महोत्सव में विशेष आकर्षण के रूप में ‘हेरा पंचमी’ की पारंपरिक रस्म भी आयोजित होगी, जिसमें विशेष अतिथि शामिल होंगे। इसके अलावा भगवत कथा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि 16 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समिति ने नोएडा के सेक्टर-61, 52, 53, 33 और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
