- 50 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना,18 फीट ऊंचे रथ पर विराजेंगे भगवान जगन्ना
नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति का सबसे बड़ा उत्सव एक बार फिर पूरे वैभव और श्रद्धा के साथ आयोजित होने जा रहा है। सेक्टर-121 स्थित श्री रत्न क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले 17वें श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस बार आयोजन को और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए मंदिर परिसर का व्यापक स्तर पर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
श्री जगन्नाथ समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में दिल्ली-एनसीआर के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले ओड़िया एवं गैर-ओड़िया समाज के हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति के अध्यक्ष प्रमोद बहल ने बताया कि रथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आधुनिक प्रबंधन किया जा रहा है। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-रोगन के माध्यम से उत्सवमय स्वरूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा से होगी। इसके बाद 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन का आयोजन होगा। मुख्य आकर्षण 16 जुलाई को दोपहर 3:30 बजे निकलने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा होगी, जो सेक्टर-121 स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर बाबा बालकनाथ मंदिर, सेक्टर-71 तक जाएगी।
इसके बाद 24 जुलाई को बहुदा यात्रा 25 जुलाई को सुना वेश तथा 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे का आयोजन वैदिक परंपराओं और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न होगा।
रथ यात्रा के लिए तैयार किया जा रहा 18 फीट ऊंचा और 6 पहियों वाला भव्य रथ इस वर्ष का प्रमुख आकर्षण रहेगा। रथ निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए समिति ने लगभग 500 स्वयंसेवकों की तैनाती की है। इसके अलावा प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा, यातायात और चिकित्सा सुविधाओं के भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस वर्ष समारोह में दीपक सिंघल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ रस्म का निर्वहन करेंगे, जिसे रथ यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक परंपराओं में माना जाता है।
रथ यात्रा महोत्सव के दौरान भक्ति संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं ग्रेट पोस्ट न्यूज़ और आरम्भ टीवी पूरे आयोजन का सीधा प्रसारण करेंगे, जिससे देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु भी इस भव्य आयोजन का आनंद ले सकेंगे।
मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। समिति का कहना है कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का यह महापर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
