नोएडा । कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित एक विशाल रक्तदान महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर वीरों को रक्तदान के माध्यम से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर देश के वीर सैनिकों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
रक्त संग्रह के लिए भारतीय सेना की ब्लड बैंक टीम स्वयं उपस्थित रही। शिविर में कुल 166 लोग रक्तदान के लिए पहुंचे, जिनमें से स्वास्थ्य संबंधी कारणों से 25 लोगों को बाद में आने की सलाह दी गई, जबकि 141 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक एकत्र किया गया। आयोजकों ने इसे समाज की जागरूकता और सेवा भावना का प्रतीक बताते हुए गर्व का विषय बताया।
रक्तदान अभियान में इस वर्ष कई पत्रकारों ने भी स्वयं रक्तदान कर सामाजिक दायित्व निभाने का संदेश दिया। उनके इस योगदान की आयोजकों ने विशेष सराहना की।
रक्तदान शिविर के साथ-साथ एम्स, नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने नेत्रदान एवं अंगदान जागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान 20 लोगों ने नेत्रदान और अंगदान का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि यह पहल समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में अनेक सामाजिक संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इनमें विपिन मल्हन (प्रधान), वी.के. सेठ (महासचिव, एनईए) एवं उनकी टीम, दीपक विग (चेयरमैन) और संजीव पुरी (वाइस चेयरमैन, पंजाबी विकास मंच), के.के. जैन (महासचिव, फोनरवा) एवं उनकी टीम, संजय मावी (प्रधान, आरडब्ल्यूए सेक्टर-56) तथा उनकी टीम और हरीश जुगरान (प्रधान, नया बांस सोसाइटी) एवं उनकी टीम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर मंदिर समिति ने सामाजिक सहयोग के लिए विशेष सम्मान भी प्रदान किए। नया बांस सोसाइटी के प्रधान हरीश जुगरान को मंदिर परिसर में 10 किलोवाट सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने में सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, मंदिर की अन्नपूर्णा रसोई में चिमनी की व्यवस्था कराने में सहयोग देने पर मंदिर महिला मंडल की सदस्य विनोद कुमारी बंसल को भी सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में विपिन मल्हन एवं मंदिर समिति के प्रधान आर.एन. गुप्ता ने दोनों समाजसेवियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
रक्तदान महोत्सव के सफल संचालन में लगभग 10 सदस्यीय ब्लड डोनेशन टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस टीम का नेतृत्व मंदिर समिति के सदस्य एवं इस परियोजना के मुख्य प्रेरक ए.के. गुप्ता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी आर.एन. गुप्ता, ओ.पी. गोयल, जे.एम. सेठ, जी.के. बंसल, आर.के. भट्ट, इंदर पाल खंडपुर, हरीश सभरवाल, अंबेश भांबरी, संजीव बांधा सहित ब्लड डोनेशन टीम के डॉ. कर्नल योगेश मानिकतला, करण अनेजा, अभिषेक जैन, सुशील रियू, नितिन गुप्ता, अशोक त्यागी, निर्मल हांडा, मंजू सेठ, मधु भट्ट और वंदना बंसल ने सक्रिय योगदान दिया।
Facebook:- 24News 24/7 Bihar Jharkhand
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, भारतीय सेना के ब्लड बैंक, एम्स नई दिल्ली की टीम, स्वयंसेवकों तथा नकद एवं वस्तु के रूप में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। मंदिर ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी जे.एम. सेठ ने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह रक्तदान महोत्सव केवल एक सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और सेवा का सशक्त संदेश है। ऐसे आयोजन समाज में मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
यह भी खबर पढ़े:- नोएडा सेक्टर-62 की रजत विहार के मुख्य द्वार पर भारी जलभराव। |
[…] […]