हाजीपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन)-गया-गोमो-धनबाद-आसनसोल रेलखंड के रास्ते कानपुर सेंट्रल-कोलकाता तथा आगरा कैंट-कोलकाता के बीच एक-एक जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके अलावा पटना-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन का भी एक अतिरिक्त फेरा चलाने की घोषणा की गई है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04157 कानपुर-कोलकाता स्पेशल का परिचालन 28 जुलाई 2026 से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 8:00 बजे रवाना होकर दोपहर 2:15 बजे डीडीयू, 3:35 बजे सासाराम, 5:30 बजे गया, 6:45 बजे कोडरमा, 7:45 बजे पारसनाथ, 8:05 बजे गोमो और 8:40 बजे धनबाद सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
Facebook:- https://www.facebook.com/share/p/19NrGnbKJQ/
वापसी में गाड़ी संख्या 04158 कोलकाता-कानपुर स्पेशल 29 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को कोलकाता से सुबह 7:25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन धनबाद, गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, सासाराम और डीडीयू होते हुए अगले दिन रात 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इस ट्रेन में 1 एसी द्वितीय श्रेणी, 4 एसी तृतीय श्रेणी, 9 शयनयान और 8 साधारण श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01911 आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल का परिचालन 30 जुलाई 2026 से 24 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा। यह ट्रेन आगरा कैंट से सुबह 3:40 बजे रवाना होकर डीडीयू, सासाराम, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो और धनबाद सहित अन्य स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01912 कोलकाता-आगरा कैंट स्पेशल 31 जुलाई 2026 से 25 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को कोलकाता से सुबह 7:25 बजे चलेगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 8:00 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। इस ट्रेन में 1 एसी द्वितीय श्रेणी, 2 एसी तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान और 4 साधारण श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।
रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए पटना और अहमदाबाद के बीच संचालित स्पेशल ट्रेन का भी एक अतिरिक्त फेरा चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 29 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 09447 अहमदाबाद-पटना स्पेशल तथा 31 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 09448 पटना-अहमदाबाद स्पेशल का संचालन किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और आरक्षण की जानकारी की पुष्टि अवश्य कर लें। रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहारों और अवकाश के दौरान यात्रियों की भीड़ कम होगी तथा लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
यह भी खबर पढ़े:- कारगिल विजय दिवस: नोएडा में 141 यूनिट रक्तदान