Homeखेलवॉलीबॉल चैंपियंस लीग: पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स की शानदार वापसी, तमिल टाइटंस सुपर 6...

वॉलीबॉल चैंपियंस लीग: पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स की शानदार वापसी, तमिल टाइटंस सुपर 6 में पहुंची

नोएडा। वॉलीबॉल चैंपियंस लीग (VCL) में सोमवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। नोएडा इंडोर स्टेडियम में पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स ने अयोध्या गर्जन को 2-1 से हराया, जबकि तमिल टाइटंस ने हुगली हिटर्स पर 2-1 से जीत दर्ज कर सुपर 6 में अपनी जगह पक्की कर ली।

पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स ने निर्णायक सेट में दिखाई ताकत

पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स और अयोध्या गर्जन के बीच मुकाबले की शुरुआत कड़ी टक्कर के साथ हुई। पंजाब ने बेहतर खेल दिखाते हुए पहला सेट 21-18 से जीत लिया। इसके बाद अयोध्या गर्जन ने दूसरे सेट में वापसी की और 21-16 से जीत दर्ज कर मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया।

निर्णायक सेट में पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने अयोध्या गर्जन को वापसी का मौका नहीं दिया और 21-11 से सेट जीतकर मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।

पंजाब की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले संकेत पाटिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि जसकरण सिंह को इम्पैक्ट प्लेयर का पुरस्कार मिला।

जीत के बाद संकेत पाटिल ने कहा कि यह मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण था। दूसरे सेट में अयोध्या गर्जन ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक सेट में उनकी टीम ने एकजुट होकर रणनीति पर अमल किया। उन्होंने कहा कि टीम आने वाले मुकाबलों में भी इसी लय और आत्मविश्वास को बनाए रखने की कोशिश करेगी।

Facebook- https://www.facebook.com/sandhyatoday

इस मुकाबले को उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष पंडित सुनील भराला तथा भारतीय नौकायन खिलाड़ी और एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता हर्षिता तोमर ने भी देखा।

तमिल टाइटंस ने हुगली हिटर्स को हराकर सुपर 6 में बनाई जगह

दिन के दूसरे मुकाबले में तमिल टाइटंस ने हुगली हिटर्स को 2-1 से हराकर सुपर 6 में प्रवेश किया। तमिल टाइटंस ने शुरुआती दोनों सेट जीतकर मुकाबले पर पकड़ बनाई, जबकि हुगली हिटर्स ने तीसरे सेट में शानदार वापसी की।

पहले सेट में तमिल टाइटंस ने 21-19 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। स्कोर 20-20 से बराबर होने के बाद तमिल टाइटंस ने संयम बनाए रखा और 21-20 से सेट जीतकर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।

तीसरे सेट में हुगली हिटर्स ने जोरदार वापसी करते हुए 21-10 से जीत दर्ज की। हालांकि, शुरुआती दो सेट जीतने के कारण तमिल टाइटंस ने मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया और सुपर 6 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

तमिल टाइटंस की जीत में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि एसआर रितुराज को इम्पैक्ट प्लेयर का पुरस्कार मिला।

जीत के बाद अभिषेक ने कहा कि सुपर 6 में जगह बनाना टीम के लिए खुशी की बात है। उन्होंने दूसरे सेट को बेहद चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि अहम मौकों पर खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और एक-दूसरे का साथ दिया। अभिषेक के अनुसार, अब टीम का ध्यान सुपर 6 के मुकाबलों की बेहतर तैयारी पर रहेगा।

दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा ने वॉलीबॉल चैंपियंस लीग के रोमांच को और बढ़ा दिया।

यह भी खबर पढ़े- https://sandhyatoday.com/volleyball-champions-league-marathas-haryana-hurricanes-win/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments