भारत की 5500 साल पुरानी परंपरा को आधुनिक खेल प्रतियोगिता का स्वरूप देने वाली मटकी फोड़ लीग (MPL) सीजन-2 का भव्य आगाज़ हो गया है। लीग के तहत आयोजित एक प्रेस वार्ता में MPL के आधिकारिक एंथम साँग ‘गोविंदा आला रे..’ और आधिकारिक मैस्कॉट ‘मटकू’ का भव्य लॉन्च किया गया।
यह प्रेस वार्ता एनएससीआई क्लब, मथुरा रोड, नई दिल्ली में आयोजित की गई। आयोजकों ने बताया कि MPL सीजन-2 के मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स, वेव्स ओटीटी तथा प्रसार भारती स्पोर्ट्स के यू-ट्यूब चैनल पर 3 और 4 सितंबर 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन पूर्वी दिल्ली स्थित यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, सूरजमल विहार में होगा।
26 गोविंदा टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए MPL के फाउंडर श्री जय भगवान गोयल ने कहा कि “गोविंदा आला रे…” केवल एक उद्घोष नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, भारतीय संस्कृति, सामूहिक उत्साह और सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पिछले 23 वर्षों से आयोजित हो रहे श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की परंपरा को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। इसी श्रृंखला में MPL सीजन-2 का आयोजन किया जा रहा है, जो खेल, संस्कृति, परंपरा और युवा शक्ति को एक मंच पर लेकर आएगा।

श्री जय भगवान गोयल ने बताया कि इस वर्ष मटकी फोड़ लीग में 26 गोविंदा टीमें, जिनमें लड़कों और लड़कियों की टीमें शामिल होंगी, रोमांचक मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। मटकी फोड़ने की प्राचीन भारतीय परंपरा को आधुनिक खेल प्रतियोगिता के रूप में प्रस्तुत करने का उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें टीम भावना, अनुशासन, साहस, नेतृत्व, शारीरिक क्षमता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि MPL का उद्देश्य केवल मटकी फोड़ने की प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा को खेल की आधुनिक भाषा में नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यही कारण है कि इस आयोजन को युवाओं के लिए रोमांचक, प्रतिस्पर्धी और मनोरंजक बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
MPL का आधिकारिक एंथम साँग ‘गोविंदा आला रे…’ लॉन्च
प्रेस वार्ता के दौरान MPL का आधिकारिक एंथम साँग ‘गोविंदा आला रे…’ भी लॉन्च किया गया। इस एंथम साँग को बॉलीवुड के प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर रोमी ने अपनी आवाज दी है, जिन्होंने फिल्म ‘मिर्जापुर’ और ‘उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक’ सहित कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में अपनी आवाज का जादू बिखेरा है।
जोशीले संगीत और “गोविंदा आला रे…” के उत्साह से भरपूर यह एंथम साँग MPL के रोमांच को नई ऊर्जा देगा। आयोजकों का कहना है कि एंथम साँग के माध्यम से देशभर के युवाओं को भारतीय संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और पारंपरिक खेलों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
Facebook:- https://www.facebook.com/sandhyatoday
दिल्ली की सड़कों पर संदेश लेकर निकलेगा MPL का मैस्कॉट ‘मटकू’।
MPL के को-फाउंडर श्री मनदीप गोयल ने बताया कि आम जनता, विशेषकर बच्चों और युवाओं को लीग से जोड़ने के लिए MPL का आधिकारिक मैस्कॉट ‘मटकू’ तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि ‘मटकू’ दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर MPL सीजन-2 के आयोजन का संदेश देगा और दिल्लीवासियों को इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेगा। ‘मटकू’ के माध्यम से आयोजन को एक फैमिली और यूथ-फ्रेंडली स्पोर्ट्स इवेंट के रूप में लोकप्रिय बनाने का प्रयास किया जाएगा।
श्री मनदीप गोयल ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों और युवाओं को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। MPL इसी दिशा में खेल और मनोरंजन के माध्यम से एक सकारात्मक पहल है।
खेल के मैदान में दिखेगा साहस, संतुलन और टीमवर्क
लीग में शामिल गोविंदा टीमें मटकी फोड़ने के दौरान अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन, रणनीति, समन्वय और टीमवर्क का प्रदर्शन करेंगी। ऊंचाई पर टंगी मटकी तक पहुंचने और उसे फोड़ने के लिए खिलाड़ियों को सामूहिक प्रयास और बेहतरीन तालमेल की आवश्यकता होगी।
आयोजकों के अनुसार, आईपीएल की तर्ज पर MPL की टीमें भी बेची जाएंगी, जिससे इस पारंपरिक खेल को एक आधुनिक और प्रतिस्पर्धी लीग के रूप में नई पहचान मिलेगी।
अब तक सिग्नेचर ग्लोबल, के.एल.जे. हाउस, पीसी ज्वैलर्स, ट्राईडेंट टेकलेब, कृषि रसायन, एसएमसी ग्लोबल, दीपाली डिजाइन्स एंड डेकोरेटर्स, बाहुबली ई-रिक्शा और एसकेजी फैमिली हाउस सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान MPL सीजन-2 के स्पॉन्सर के रूप में जुड़ चुके हैं। इनके सहयोग से लीग को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर संजय गोयल (एसकेजी फैमिली ऑफिस, आनंदया फाउंडेशन), राजेश गुप्ता (मल्टीकलर), दिनेश गोयल, जतिन गोयल (बाहुबली ई-रिक्शा) तथा सुप्रसिद्ध गायक शंकर साहनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
MPL सीजन-2 भारतीय संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, खेल भावना और युवाओं की ऊर्जा का एक अनूठा संगम बनने जा रहा है। 3 और 4 सितंबर 2026 को यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, सूरजमल विहार में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता देश की पारंपरिक मटकी फोड़ परंपरा को आधुनिक खेल जगत में एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
[…] भारत में मटकी फोड़ लीग (MPL) सीजन-2 का भव्य … […]