नोएडा। भगवान दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर आगामी 2 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा एवं जयंती समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और समाज की व्यापक भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान दक्ष प्रजापति जयंती के उपलक्ष्य में 2 अगस्त (रविवार) को नोएडा में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 10:00 बजे सेक्टर-31 स्थित शनि मंदिर, निठारी से होगा। इसके बाद शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सेक्टर-44, नोएडा पहुंचेगी, जहां जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा।
समारोह के दौरान भगवान दक्ष प्रजापति के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी और श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक प्रसाद एवं भंडारे की भी व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान दक्ष प्रजापति के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

Facebook:- https://www.facebook.com/sandhyatoday
राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ ने समाज के सभी गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, मातृशक्ति, युवा वर्ग तथा प्रजापति समाज के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। महासंघ का कहना है कि सामूहिक सहभागिता से यह आयोजन और अधिक भव्य एवं सफल बनेगा।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। यातायात व्यवस्था, स्वागत, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण जैसी जिम्मेदारियां अलग-अलग टीमों को सौंपी गई हैं ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रमोद कुमार प्रजापति ने मीडिया से भी इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।
यह भी खबर पढ़े:- वर्ल्ड गिफ्ट्स एक्सपो 2026


