नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा सप्ताह अभियान के तहत नोएडा में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. महेश शर्मा रहे।
कार्यक्रम में भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, किसान मोर्चा अध्यक्ष ओमवीर अवाना, अशोक मिश्रा, रिंकू नंबरदार, पुष्पा रावत, पप्पू प्रधान, तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित वत्स सहित शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. महेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में राष्ट्र निर्माण, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं। वहीं, प्रधानाचार्य मोहित वत्स ने अतिथियों का स्वागत किया।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान का आयोजन संगठन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। इसके तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक जनपद के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को सेवा और समर्पण के 25 वर्षों तथा ‘विकसित भारत’ की संकल्पना से जोड़ना है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को भारत के विकास, राष्ट्र निर्माण और भविष्य के भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।


