हाजीपुर: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने आज पाटलिपुत्र-शाहपुर पटोरी-बरौनी-नौगछिया रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों, पुल-पुलियों, ओएचई प्रणाली, पथ-रचना तथा ट्रैक की संरक्षा एवं मजबूती का अवलोकन किया । इसके साथ ही महाप्रबंधक द्वारा बिक्रमशिला-कटरिया नई लाईन परियोजना के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया ।

निरीक्षण क्रम में महाप्रबंधक महोदय नौगछिया स्टेशन पहुंचे । इसके उपरांत महाप्रबंधक महोदय द्वारा नौगछिया के तरफ कटरिया के उपरी भाग के निर्माण साईट का निरीक्षण किया गया । इसके पश्चात महाप्रबंधक ने भागलपुर के तरफ स्थित निर्माण स्थल एवं नये स्टेशन साईट का भी निरीक्षण किया गया।
इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर 2.44 किमी लंबी डबल लाइन वाली पुल का भी निर्माण किया जाना है जिससे संबंधित निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है तथा मिट्टी जांच का कार्य पूरा किया जा चुका है । मुख्य पुल के डिजाइन एवं ड्राईंग का कार्य अगले 03 माह में पूरा कर लिया जाएगा । इसके उपरांत मुख्य पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा । इसके साथ ही मुख्य पुल से जुड़े दोनों तरफ बनने वाले रेल लाईन हेतु 180 हेक्टर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है । अधिगृहित किये जाने वाले इस 180 हेक्टर जमीन में से आधे से ज्यादा प्राइवेट जमीन है जिसे अधिगृहित करने हेतु 20ए एवं 20ई जारी किया जा चुका है।
विदित हो कि रुपए 2549 करोड़ की लागत से बिहार में भागलपुर के पास गंगा नदी पर 26 किमी लंबे बिक्रमशिला-कटरिया नई लाईन के निर्माण किया जाना है। इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर 2.44 किमी लंबी डबल लाइन वाली पुल का भी निर्माण किया जायेगा । बिक्रमशिला-कटरिया नई लाईन परियोजना में बिक्रमशिला स्टेशन भागलपुर-साहिबगंज रेलखंड तथा कटरिया स्टेशन कटिहार-बरौनी रेलखंड पर स्थित है। इस परियोजना के तहत गंगा नदी नदी पर बनने वाला रेल पुल वाई आकार का होगा जो उत्तर दिशा में कटरिया और नवगछिया तथा दक्षिण दिशा में विक्रमशिला और शिवनारायणपुर स्टेशनों को जोड़ेगी । इस पुल के निर्माण होने से बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र का अंग क्षेत्र से सीधा जुड़वा होगा।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, निर्माण/दक्षिण श्री राजीव गुप्ता, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक श्रीमती इंदू रानी दूबे, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन तथा मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे ।


